
संवाददाता
गाजियाबाद । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितम्बर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री व पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह गाजियाबाद में रहेंगे। प्रभारी मंत्री अभियान को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे तो वहीं अभियान की तैयारियों को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से भी बैठक करेंगे।
यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें शहर से लेकर ग्रामीण स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रविवार को प्रभारी मंत्री ट्रेन द्वारा गाजियाबाद पहुंचेंगे। जहां से वह निरीक्षण जाएंगे। निरीक्षण भवन में सुबह साढ़े नौ बजे वह आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दस बजे वह विकास भवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान की बैठक करेंगे जिसमें पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ सम्बंधित विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे।
इस बैठक में सांसद, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ ब्लॉक प्रमुख भी शामिल होंगे। इसके बाद मीडिया से वार्ता करने के उपरांत व रामपुर रवाना होंगे। धर्मपाल सिंह गाजियाबाद के साथ ही रामपुर के भी प्रभारी मंत्री हैं, वहां भी वह अभियान की बैठक करेंगे और सोमवार को बरेली के आंवला में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।



