संवाददाता
गाजियाबाद। डासना जेल गाजियाबाद में बंदियों के स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि कारागार में महिला बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है।
डासना जेल अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि सभी बंदियों को स्वस्थ और सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जेल के अस्पताल और चिकित्सा अधिकारियों के अलावा विशेषज्ञ संस्थाओं की भी मदद ली जा रही है।
उन्होंने बताया, “कारागार में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर काफी गंभीरता दिखाई जा रही है, जो सामान्य से अलग बीमारियां हैं उनको लेकर भी कवायद की जा रही है। आज एक फाउंडेशन की तरफ से कैंप लगाया जा रहा है। कुल 10 डॉक्टर आए हुए हैं जो सभी महिला बंदियों का परीक्षण करेंगी और कैंसर जैसी बीमारी का डायग्नोसिस करेंगी। अगर कोई केस मिलता है तो उसका ट्रीटमेंट भी उसी संस्था में किया जाएगा।” जांच के बाद आवश्यकतानुसार महिला बंदियों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां और उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
डासना जेल अधीक्षक ने आगे बताया कि जेल में इस तरह के स्पेशलाइज्ड और जनरल हेल्थ कैंप महीने में एक-दो बार लगते रहते हैं। इसका फायदा यह है कि बंदियों को बेसिक ट्रीटमेंट तो मिलता ही है, साथ ही अगर किसी में कोई बीमारी शुरुआती स्टेज में है तो समय से पहले पता चल जाता है और उसका बेहतर इलाज संभव हो पाता है।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल में बंद कैदियों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके मानवाधिकारों व स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।



