
संवाददाता
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर सनातन और भगवान श्रीराम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार भी भगवान श्रीराम के दर्शन करने नहीं गए. केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने वर्षों तक भगवान राम और सनातन का इस्तेमाल केवल चुनाव जीतने और सत्ता हासिल करने के लिए किया, जबकि आम आदमी पार्टी सनातन के मूल्यों के अनुरूप समाज सेवा और जनकल्याण का काम कर रही है.
891 दिनों में एक बार भी शाह राम मंदिर नहीं गए
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से लगभग ढाई साल यानी 891 दिन बीत चुके हैं. इस पूरे समय में अमित शाह एक बार भी भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या नहीं गए. उन्होंने कहा कि इस बात की जानकारी मिलने के बाद इंटरनेट और कई पत्रकारों से इसकी पुष्टि करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अमित शाह के राम मंदिर दौरे का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. इसी अवधि में अमित शाह ने कई सार्वजनिक सभाओं और इंटरव्यू में राम मंदिर का जिक्र किया, लेकिन भगवान राम के दर्शन करने के लिए अयोध्या नहीं पहुंचे.
अमित शाह से पूछे पांच सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने अमित शाह से पांच सवाल पूछे. उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि आखिर वह राम मंदिर क्यों नहीं गए. उन्होंने पूछा कि क्या उनका भगवान राम के दर्शन करने का मन नहीं करता, क्या उन्हें भगवान राम के आशीर्वाद की जरूरत नहीं है और क्या वह भगवान राम को भगवान मानते हैं. केजरीवाल ने कहा कि इन सवालों का जवाब देश के करोड़ों राम भक्त भी जानना चाहते हैं.
दान का दुरुपयोग करने वालों के मिले सजा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वर्षों से भगवान राम और सनातन का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया गया. उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भगवान राम का नाम लिया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद आस्था पीछे छूट जाती है. यदि भगवान राम के प्रति सच्ची श्रद्धा होती तो केवल चुनावी मंचों पर उनका नाम लेने के बजाय उनके दर्शन करने भी जाया जाता. उन्होंने कहा कि भाजपा ने सनातन को केवल वोट हासिल करने का माध्यम बना दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान के नाम पर चढ़ाए गए दान में गड़बड़ी हुई है और असली जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है. जो लोग भगवान के नाम पर दिए गए दान का दुरुपयोग करते हैं, उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता जरूरी है जिससे लोगों का विश्वास बना रहे.
निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कम
राम मंदिर से जुड़े मामले की जांच कर रही एसआईटी पर भी केजरीवाल ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जांच के लिए बार-बार समय बढ़ाया जा रहा है, जिससे लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े और प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के रहते इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कम है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार बदलेगी तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी. उन्होंने समाज से भी अपील की कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की मांग की जाए और यदि किसी पर गंभीर आरोप हैं तो उसका सामाजिक विरोध किया जाए.
AAP को बताया सनातन के मूल्यों पर चलने वाली पार्टी
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल सनातन की बात नहीं करती, बल्कि उसके मूल्यों पर काम भी करती है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने तीर्थ यात्रा योजनाएं शुरू कीं, गरीबों के लिए बेहतर स्कूल और अस्पताल बनाए, मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए और भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का प्रयास किया. उन्होंने पंजाब में होने वाली भजन संध्या कार्यक्रमों और मंदिरों के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी समाज सेवा और जनकल्याण को ही सनातन की वास्तविक भावना मानती है.



