
संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और दानिक्स (DANICS) अधिकारियों के तबादले किए हैं. सेवा विभाग द्वारा जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
आधिकारिक आदेश के अनुसार, विपुल पाठक (IAS 1992) को अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (SC/ST/OBC) और अतिरिक्त मुख्य सचिव (WCD) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं, नवीन कुमार चौधरी (IAS 1994) को अतिरिक्त मुख्य सचिव (I&FC) के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (GAD) का अतिरिक्त प्रभार मिला है. इसके अलावा, पांडुरंग के. पोले (IAS 2004) को सचिव (भूमि एवं भवन) बनाया गया है, साथ ही उन्हें सचिव-सह-आयुक्त (श्रम) और सचिव (सहकारिता) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
परिवहन विभाग के संदर्भ में जितेंद्र यादव (IAS 2010), जो एमडी (DTC) हैं, को सचिव (IT) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे वे परिवहन विभाग के विशेष आयुक्त के प्रभार से मुक्त हो गए हैं. इसी तरह, संदीप कुमार सिंह (IAS 2011) को विशेष सचिव (CMO) के साथ-साथ विशेष सचिव (वित्त) और एमडी (SRDC) का अतिरिक्त प्रभार मिला है. सचिन राणा (IAS 2014) अब विशेष सचिव (गृह) के अलावा विशेष सचिव और प्रधान निदेशक (DFS) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
दानिक्स अधिकारियों के भी तबादले
तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
प्रशासनिक विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे. उन्हें उनके वर्तमान पद से कार्यमुक्त माना गया है, और इसके लिए किसी औपचारिक कार्यमुक्ति आदेश की प्रतीक्षा नहीं करने का निर्देश दिया गया है. दिल्ली सरकार का यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता में सुधार और सरकारी कामकाज को गति देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. अधिकारियों को तत्काल अपने नए स्थानों पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है ताकि कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए.




