
संवाददाता
चंडीगढ़। पंजाब नगर निकाय चुनाव के नतीजे आज आने लगे है। इनमें 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतें शामिल हैं. सुबह 8 बजे से पंजाब के 115 काउंटिंग सेंटरों पर मतगणना शुरू हुई, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इन निकाय चुनावों को सिर्फ स्थानीय सत्ता का मुकाबला नहीं, बल्कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है. सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए यह अपनी सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर हासिल करने का मौका है, वहीं कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं. कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है और नतीजों से राज्य की भविष्य की राजनीतिक दिशा तय होने के संकेत मिल सकते हैं. ऐसे में पूरे पंजाब की नजरें आज आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।
AAP ने अभी तक 864 से ज्यादा वार्डों में जीत हासिल की है. राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस 349 वार्डों में विजयी रही, जबकि 243 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की. शिरोमणि अकाली दल को 171 वार्डों में सफलता मिली है. भारतीय जनता पार्टी 140 वार्डों में जीत दर्ज कर सकी, जबकि बहुजन समाज पार्टी के खाते में 6 वार्ड आए हैं. इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि शहरी क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी का प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है और विपक्षी दलों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है.
पंजाब निकाय चुनाव के ताजा नतीजों में आम आदमी पार्टी ने 864 वार्डों में जीत दर्ज कर अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है. राज्य चुनाव आयोग के अनुसार कांग्रेस 349 वार्डों में विजयी रही है. वहीं 243 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. शिरोमणि अकाली दल के खाते में 171 वार्ड आए हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 140 वार्डों में जीत दर्ज की है. बहुजन समाज पार्टी को 6 वार्डों में सफलता मिली है.
आप की जीत पर मनीष सिसोदिया ने ED पर साधा निशाना
पंजाब नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इसे जनता का स्पष्ट जनादेश बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम दो बड़े संदेश दे रहे हैं. पहला, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार के कामकाज को पंजाब की जनता पसंद कर रही है. दूसरा, यह संदेश उन लोगों के लिए है जो जांच एजेंसियों के सहारे राजनीति करना चाहते हैं. सिसोदिया ने कहा कि केवल ED के दम पर चुनाव नहीं जीते जा सकते. जनता विकास और काम के आधार पर ही अपना फैसला सुनाती है.
पंजाब के लोग नफरत की राजनीति को नकार रहे हैं-हरपाल सिंह चीमा
स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर जारी मतगणना के बीच पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया कि इन चुनाव नतीजों का आने वाले विधानसभा चुनाव में असर देखने को मिलेगा और पार्टी दोबारा सरकार पंजाब में बनाएगी. चुनावों में बीजेपी के अच्छा प्रदर्शन नहीं करने पर चीमा ने कहा, ”इससे साबित हो गया है कि पंजाब के लोग नफरत की राजनीति को नकार रहे हैं.” उन्होंने पंजाब के सभी वोटर्स और अपने समर्थकों को शुक्रिया किया है.
वोटर्स ने भगवंत मान के कामों पर मुहर लगाई- हरपाल सिंह चीमा
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा, ”पंजाब के सभी वोटरों और समर्थकों को मैं धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने साबित कर दिया कि वो AAP के साथ खड़े हुए हैं. हमारे मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ खड़े हैं और सरकार द्वारा किए गए कामों के ऊपर एक बार फिर मोहर लगाई है. सभी का धन्यवाद. अभी तक जो परिणाम आए हैं उसमें 70% से ऊपर AAP जीत चुकी है. अभी मतगणना जारी है. मुझे पूरा भरोसा है कि हम 90% से अधिक वार्ड में जीत हासिल करेंगे.”



