latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाददिल्ली

दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों को बड़ी राहत, पीक आवर्स में बढ़ीं 8 नई ट्रेन ट्रिप्स

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने बड़ा फैसला लिया है. यात्रियों की सुविधा और भीड़ को कम करने के लिए अब पीक आवर्स में 8 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स चलाई जाएंगी. नई व्यवस्था कल से लागू होगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.

NCRTC ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. संस्था का कहना है कि अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू करने का उद्देश्य यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है. इससे पीक टाइम में ट्रेनों में होने वाली भीड़ को कम करने में भी मदद मिलेगी.

सुबह और शाम के व्यस्त समय में बढ़ेंगी सेवाए

नए शेड्यूल के तहत सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच 4 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जाएंगी. वहीं, शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच भी 4 नई ट्रिप्स शुरू होंगी. ये सेवाएं सराय काले खां और मेरठ साउथ स्टेशनों के बीच संचालित की जाएंगी. अतिरिक्त ट्रिप्स को सुचारु रूप से चलाने के लिए दो नई ट्रेनों को भी शामिल किया गया है.

दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौजूदा समय में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब एक लाख लोग सफर कर रहे हैं. लगातार बढ़ रही यह संख्या नमो भारत सेवा पर यात्रियों के बढ़ते भरोसे को भी दर्शाती है.

देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सेवा नमो भारत को हाई-स्पीड और आरामदायक यात्रा के लिए तैयार किया गया है. इसकी अधिकतम परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिससे दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा समय लगभग एक-तिहाई तक कम हो जाता है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग अब इस सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं.

निजी वाहनों से दूरी बनाने की अपील का भी असर

वैश्विक ऊर्जा अनिश्चितताओं के बीच सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल को लेकर जारी सलाहों का असर भी देखने को मिल रहा है. लोग अब निजी वाहनों की बजाय तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को चुन रहे हैं. NCRTC का यह कदम इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

NCRTC का कहना है कि नमो भारत परियोजना की शुरुआत से ही यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है. भीषण गर्मी और बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं के बीच बड़ी संख्या में लोग अब आरामदायक और समय बचाने वाले सार्वजनिक परिवहन की ओर रुख कर रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार सेवाओं में सुधार और विस्तार किया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com