
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली के सबसे वीआईपी इलाके लुटियंस दिल्ली को प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने क्षेत्र में अब इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए पार्किंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है. साथ ही परिषद के कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए मुफ्त ईवी ऑटो और विशेष बस शटल सेवा की भी शुरुआत की गई है. एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ग्रीन मोबिलिटी’, ‘सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसपोर्ट’ और ‘स्वच्छ भारत’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा.
इलेक्ट्रिक वाहनों को पार्किंग शुल्क में 50% की बड़ी राहत
एनडीएमसी के पार्किंग प्रबंधन प्रणाली विभाग द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, परिषद के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी अधिसूचित पार्किंग स्थलों पर अब इलेक्ट्रिक वाहनों से पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में केवल आधा पार्किंग शुल्क ही लिया जाएगा. यह छूट18 मई (सोमवार) से पूरी तरह लागू हो जाएगी और आगामी आदेशों तक जारी रहेगी. इस छूट का लाभ उठाने के लिए वाहन मालिकों को अपने वाहन के इलेक्ट्रिक होने की पुष्टि करनी होगी. इसके लिए वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र (RC) और अन्य आवश्यक दस्तावेज दिखाने अनिवार्य होंगे. इस पहल का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत करना, दिल्ली के प्रदूषण स्तर में कमी लाना और लुटियंस जोन में एक स्वच्छ व हरित वातावरण सुनिश्चित करना है.
लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए ईवी ऑटो और स्कूटर सेवा
कर्मचारियों, नागरिकों और आगंतुकों को मेट्रो स्टेशनों से उनके गंतव्य तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए एनडीएमसी मुख्यालय पालिका केंद्र से एक विशेष ईवी ऑटो सेवा का शुभारंभ किया गया है. यह ईवी ऑटो सेवा मुख्य रूप से पालिका केंद्र से निकटवर्ती मेट्रो स्टेशन (पटेल चौक, राजीव चौक एवं जनपथ), पालिका केंद्र से एसबीएस गोल मार्केट, पालिका केंद्र से एनडीएमसी के विभिन्न फील्ड कार्यालय और विभाग तक संचालित की जाएगी. इस सेवा का लाभ उठाने वाले कर्मचारी या नागरिक किसी भी प्रकार की सहायता और समन्वय के लिए पालिका केंद्र के प्रवेश द्वारों पर तैनात एनडीएमसी सुरक्षा कर्मियों या सुरक्षा विभाग के फ्रंट डेस्क से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा फील्ड स्टाफ को आने-जाने के लिए ईवी स्कूटर सेवा की भी सौगात दी गई है.
कर्मचारियों के लिए शुरू हुई एनडीएमसी बस शटल सेवा
परिषद ने अपने कर्मचारियों को घर से दफ्तर और दफ्तर से घर तक सुगम परिवहन सुविधा देने के लिए एक विशेष बस शटल सेवा की भी शुरुआत की है. प्रथम चरण में पालिका आवास (सरोजिनी नगर), अमृत काल निवास (जोर बाग), बापू धाम (चाणक्यपुरी), वाल्मीकि सदन (मंदिर मार्ग) और इसके आसपास के परिषद आवास तक चलेगी.
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल का कहना है कि एनडीएमसी नई दिल्ली को देश का सबसे स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. आने वाले दिनों में पर्यावरण संरक्षण और ‘सस्टेनेबल अर्बन डेवलपमेंट’ को ध्यान में रखते हुए ऐसे कई और नीतिगत फैसले लिए जाएंगे, जिससे आम जनता को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की प्रेरणा मिले.



