
संवाददाता
अहमदाबाद। गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है. मतगणना के बीच पार्टी ने 9900 से अधिक सीटों में से 6472 सीटें जीतकर मजबूत बढ़त बना ली है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 1412 सीटें मिली हैं, जबकि निर्दलीय और अन्य दलों, जिनमें आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम शामिल हैं, ने 597 सीटें हासिल की हैं. आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि राज्य में भाजपा का दबदबा बरकरार है और विपक्ष काफी पीछे छूट गया है.
भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी बोले- जनता ने मजबूत किया रिश्ता
गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच का रिश्ता और मजबूत हुआ है. उन्होंने महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनाव में मिले जनादेश को सुशासन की जीत बताया. पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने राज्य सरकार के काम और भाजपा के वर्षों के परिश्रम पर भरोसा जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में और मेहनत कर गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा.
हर स्तर पर भाजपा आगे, कमलम में जश्न का माहौल
गुजरात निकाय चुनावों के नतीजे तेजी से सामने आ रहे हैं और शाम पांच बजे तक के रुझानों में भाजपा ने महापालिका, नगरपालिका, जिला और तालुका पंचायत सभी स्तरों पर बढ़त बना ली है. कांग्रेस और आप के साथ सपा और एआईएमआईएम ने भी कुछ सीटों पर जीत दर्ज की है. इस बड़ी बढ़त के बाद भाजपा कार्यालय कमलम में जश्न का माहौल है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा सहित कई नेता यहां पहुंचे, जहां प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई.
देवभूमि द्वारका में भाजपा और कांग्रेस दोनों को बढ़त, पंचायतों में भाजपा मजबूत
देवभूमि द्वारका जिले में निकाय चुनाव के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को आंशिक सफलता मिली है. दोनों दलों ने एक एक नगरपालिका में जीत दर्ज की. हालांकि जिला पंचायत पर भाजपा ने कब्जा जमाकर अपनी स्थिति मजबूत की. चार तालुका पंचायतों में से तीन पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि एक पर कांग्रेस को सफलता मिली. कुल मिलाकर जिले में भाजपा का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है, लेकिन कांग्रेस भी मुकाबले में बनी हुई है.
जामरावल में कांग्रेस का दबदबा, खंभालिया में भाजपा आगे
गुजरात निकाय चुनाव में जामरावल नगरपालिका में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 वार्ड में पूरा पैनल जीत लिया. कुल मिलाकर कांग्रेस को 21 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा सिर्फ 3 सीटों पर सिमट गई. वहीं खंभालिया नगरपालिका में भाजपा ने दमदार वापसी करते हुए 9 में से 6 वार्ड में पूरा पैनल जीत लिया. यहां भाजपा को 30 सीटें मिलीं. आम आदमी पार्टी ने 5 सीटें हासिल कीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई.



