latest-news

दिल्ली विधानसभा में जमकर हंगामा, BJP विधायक रविंद्र नेगी ने कैग रिपोर्ट के बहाने AAP पर बोला हमला

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा सत्र में सोमवार को भी जोरदार हंगामा देखने को मिल रहा है। सदन में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कैग रिपोर्ट पर चर्चा हो रही है। सत्तापक्ष के सदस्य कैग रिपोर्ट में व्यक्त की गई अस्पतालों की बदहाली को लेकर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को घेरे रहे हैं तो वहीं विपक्ष के सदस्य इस पर नोकझोंक कर रहे हैं।

भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर कैग रिपोर्ट के बहाने आम आदमी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया। कैग रिपोर्ट पर हंगामे के बाद निलंबित हुए 21 आप विधायक तीन दिन के बाद आज सदन में मौजूद हैं। सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के सदस्यों को भी रिपोर्ट पर अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा।

विधानसभा सत्र की कार्यवाही के प्रमुख प्वाइंट

  • स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि कैग रिपोर्ट ने पूर्ववर्ती आप सरकार के स्वास्थ्य मॉडल की कलई खोलकर रख दी है। लोगों को इलाज मिलना तो दूर, दवाएं भी नहीं मिलीं। अस्पतालों तक में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल देखने को मिला। ओपीडी में लंबी लाइनें तो ऑपरेशन के लिए लंबी लंबी तारीख।
  • भाजपा विधायक अभय वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में दिल्ली का हाल यह था कि देश भर में मौतों का अनुपात जहां 1.2 था वहीं देश की राजधानी में यह 1.7 था यानी सबसे ज्यादा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुफ्त टीकाकरण की सुविधा दी तो उसमें भी दिल्ली 17वें स्थान पर रही यानी फिसड्डी।
  • डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का इतना बुरा हाल तो पिछड़े क्षेत्रो में भी नहीं मिलता, जितना दिल्ली में देखा गया। कैग रिपोर्ट पर पूरी जांच करवाई जानी चाहिए
  • सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
  • भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर कैग रिपोर्ट के बहाने पूर्व आप सरकार पर बोला हमला, कटघरे में खड़ा किया।
  • भाजपा विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कृष्णा नगर के चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की लचर सुविधाओं का मुद्दा रखा, उन्होंने कहा कि समय पर दवा नहीं मिलती तो सर्जरी के लिए महीनों की वेटिंग रहती है।
  • भाजपा विधायक श्याम शर्मा ने हरिनगर घंटाघर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
  • महरौली से विधायक सुरेंद्र सिंह ने क्षेत्र में जल समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुसुम पुर पहाड़ी पर पानी की दिक्कत काफी ज्यादा है। कुतुबमीनार वाला यूजीआर शुरू करवाया जाए
  • द्वारका से विधायक प्रद्युम्न राजपूत ने दिल्ली की सभी मुख्य और कॉलोनियों की सड़कों पर हो रखे अतिक्रमण की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक गाड़ियां भी जाम में फंस जाती है।
  • मुस्तफाबाद से विधायक मोहन सिंह बिष्ट का कहना था कि ब्रिज पूरी, शिव विहार, दयालपुर और रोशन विहार इत्यादि इलाकों में बेतरतीब ढंग से ऊंचे ऊंचे मकान बना लिए गए हैं। कोई नक्शा भी पास नहीं हुआ है। यमुना के पास होने के कारण यहां भूकंप आने पर जानमाल की काफी हानि हो सकती है
  • पटेल नगर से विधायक प्रवेश रत्न ने क्षेत्र में जल किल्लत की समस्या रखी। कहा कि टैंकर भी एक दो दिन से आना शुरू हुए हैं। सुचारू व्यवस्था की जाए।
  • विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में साफ किया कि सदन से मार्शल आउट किए जाने वाला सदस्य विधानसभा परिसर से भी बाहर जाएगा, उन्होंने विधानसभा की रूल बुक पढ़कर बताया कि अगर कोई सदस्य परिसर से बाहर नहीं निकलता है तो बल का प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ ही यह भी साफ किया है ऐसा सदस्य सदन की अगली बैठकों में भी सम्मिलित होने के लिए अधिकृत नहीं होगा और इसके लिए कोई अन्य प्रस्ताव को सदन में लाने की जरूरत नहीं होगी।
  • इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी की रूल बुक कहती है कि अगर विधानसभा अध्यक्ष किसी विशेष प्रयोजन के लिए निलंबित किए गए सदस्य को विधानसभा परिसर में बुलाना चाहते हैं तो यह उनका अधिकार होगा।
  • नियम संख्या 280 (विशेष उल्लेख) के तहत विधायक उठा रहे अपने क्षेत्र की समस्याएं
  • रिठाला से भाजपा विधायक कुलवंत राणा ने उठाई सड़कों के निर्माण में धांधली की समस्या
  • इस दौरान आप विधायकों के साथ नोकझोंक भी हुई।

इससे पहले, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा में अपने अभिभाषण के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना को धन्यवाद देने के लिए उनसे मुलाकात की। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, ” मैंने विधानसभा को संबोधित करने के लिए एलजी को धन्यवाद दिया। अभी विधानसभा सत्र शुरू होगा। एलजी विधानसभा के लिए संदेश भेजेंगे, जिसे सदन में पढ़ा जाएगा।”

क्या आगे बढ़ाया जाएगा सदन का कार्यकाल?

विधायक अपने क्षेत्रों की समस्याओं का उल्लेख करेंगे। सोमवार को सदन में स्वास्थ्य से जुड़ी कैग रिपोर्ट का दूसरा हिस्सा पेश नहीं किया जाएगा। इसके चलते सदन का कार्यकाल भी आगे बढ़ाए जाने की भी संभावना कम ही दिख रही है। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी कैग रिपोर्ट में बहुत भ्रष्टाचार मिला है।

वहीं, आरके पुरम से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि सोमवार को कैग रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान पूर्ववर्ती आप सरकार की कलई खुलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com