
संवाददाता
नई दिल्ली। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुले मंच पर बहस करने का चैलेंज दिया है। उन्होंने दावा किया कि वह बहस के दौरान यह साबित कर देंगे की नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं। राहुल गांधी के इस चैलेंज पर अब बीजेपी ने पलटवार किया है। सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल को चैलेंज देते हुए दावा किया कि 45 सेकंड में वह यह साबित कर देंगे की चीन, सोरोस से कनेक्शन हैं।
निशिकांत दुबे ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी की पोस्ट को शेयर करते हुए चैलेंज किया कि, ‘नेशनल हेराल्ड ऑफिस में मैं आ जाता हूं। राहुल गांधी 45 सेकंड में आपके चीन ,सोरोस और परिवार के 1946 से 2026 तक के खाते से साबित कर दूंगा कि आप लोग देशद्रोही, दूसरे देशों के गुलाम गुप्तचर और भ्रष्टाचारी हैं। मंच आपका और जज क्वात्रोची के परिवार का कोई होगा, सिर्फ 45 सेकंड दीजिए।’
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते पीएम मोदी को बहस के लिए चैलेंज किया। उन्होंने कहा, ‘चलिए, अडानी जी के NDTV पर ही बहस कर लेते हैं, मोदी जी। मंच आपका, जज भी आपका- अडानी जी हों या मोहन भागवत जी। मैं गारंटी देता हूं- सिर्फ 5 मिनट में साबित कर दूंगा कि नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं।’
सुधांशु त्रिवेदी ने भी किया पलटवार
- राहुल गांधी के डिबेट के चैलेंज पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान निर्माताओं ने चर्चा और बहस के लिए संसद को सर्वोच्च मंच बनाया है। अगर कोई व्यक्ति सदन में चर्चा करने से इनकार करता है, तो यह संविधान निर्माताओं और संविधान की मूल भावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता लाखों वोटों से चुनकर अपने प्रतिनिधियों को संसद में इसलिए भेजती है, ताकि वे वहां जनहित के मुद्दों पर चर्चा करें, लेकिन राहुल गांधी सदन में होने वाली चर्चाओं से बचते हैं।
- सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद में जब भी चर्चा होती है, राहुल गांधी वहां से चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से एनडीए के सर्वसम्मत नेता हैं, जबकि राहुल गांधी न तो इंडिया गठबंधन के नेता हैं और न ही यूपीए के चेयरमैन रहे हैं। त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में मॉक पार्लियामेंट आयोजित की थी, उन्हें उसमें ही मॉक डिबेट भी करा लेनी चाहिए।
- इंडिया गठबंधन की मॉक पार्लियामेंट पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वहां विपक्षी पक्ष मौजूद ही नहीं था। ऐसे में बहस की कोई गुंजाइश नहीं थी और पूरा कार्यक्रम एकतरफा भाषण तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि बीजेपी बहस और संवाद की संसदीय परंपरा में विश्वास करती है।
- त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर लोकतंत्र, कानून और संसद का मजाक बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में राहुल गांधी ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह देश की जनता का अपमान है। उनके मुताबिक, रामलीला मैदान में हुई रैली की कथित विफलता से ध्यान हटाने के लिए डिबेट का मुद्दा उठाना महज एक ओछा हथकंडा है।



