latest-newsदेश

‘अराजकता से सत्ता हासिल करना चाहती है कांग्रेस’: अमित शाह का कांग्रेस पर हमला; वोट चोरी के आरोपों पर क्या कहा?

संवाददाता

हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लगातार चुनावी हार का सामना करने के बाद ‘अराजकता’ के जरिये सत्ता हासिल करने और ‘लोकतंत्र को कमजोर करने’ की कोशिश कर रही है। उन्होंने यहां अपनी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘नागरिकों ने इन हमलों से अपने लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए कमर कस ली है’।

कहां से कहां तक निकलेगी पदयात्रा?

अमित शाह सोमवार शाम इस पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यह पदयात्रा बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू हुई। यहां मोअज्जम जही मार्केट तक जाएगी। शाह सोमवार दोपहर को यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पहुंचे। वह पदयात्रा में शामिल होने के लिए यहां आए हैं। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा के अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर शाह का गर्मजोशी से स्वागत किया।

हवाई अड्डे पहुंचने के तुरंत बाद शाह ने यहां चारमीनार स्थित देवी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में दर्शन किए।  
पदयात्रा में अमित शाह ने क्या कहा?

पदयात्रा में जनता को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा, आज मैं हैदराबाद की इस पवित्र भूमि पर लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ रैली में आप सभी का स्वागत करता हूं। मैं सबसे पहले मां भाग्य लक्ष्मी के चरणों में प्रणाम करता हूं और सरदार पटेल साहब को भी मनपूर्वक नमन कर अपनी बात की शुरुआत करता हूं।

उन्होंने कहा, अगर सरदार उस वक्त निजाम को न झुकाते तो हैदराबाद आज भारत का हिस्सा न होता। वो सरदार साहब ही थे, जिन्होंने हैदराबाद के निजाम को झुकाकर हैदराबाद को भारत का हिस्सा बनाया। तेलंगाना को भारत का हिस्सा बनाया। मैं महान स्वतंत्रता सेनानी कोमराम भीम और रामजी गौड को भी मनपूर्वक प्रणाम करता हूं।

इंडिया ब्लॉक की रैली पर क्या कहा?

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर शाह ने कहा, आज हैदराबाद में हजारों-हजारों की संख्या सड़क पर खड़ी है। कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी। राहुल जी की रैली हुई थी। इन्होंने कहा वोट बचाओ रैली है। ये वोट बचाओ रैली नहीं थी, घुसपैठिया बचाओ रैली थी। कांग्रेस पार्टी एसआईआर को रोककर देश की मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। मगर मैं आज कहने आया हूं राहुल जी, रेवंत रेड्डी जी जितना जोर लगाना है लगा लो..भारतीय जनता पार्टी एक-एक घुसपैठिए को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालकर ही दम लेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इन टिप्पणियों में रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली का जवाब दिए जाने की उम्मीद थी। इस रैली में गठबंधन ने भाजपा की आलोचना की थी। इंडिया ब्लॉक ने रविवार को कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर भाजपा को सत्ता से हटाने की मांग की थी।

वोट चोरी के आरोपों पर क्या कहा?

उन्होंने जनता से पूछते हुए कहा, क्या घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना चाहिए या नहीं निकालना चाहिए? एसआईआर करना चाहिए या नहीं करना चाहिए? पूरी की पूरी कांग्रेस एंड कंपनी एसआईआर को रोकने पर लगी है, क्योंकि ये जो घुसपैठिए हैं, उनकी वोट बैंक हैं। मगर हम भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती के साथ एसआईआर के साथ खड़े हैं। इस देश में वही वोट डाल पाएगा जो इस देश का नागरिक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com