
संवाददाता
गाजियाबाद । गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के लिए यातायात व्यवस्था और रोड डायवर्जन प्लान पर चर्चा की गई। शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन ने एक समन्वय बैठक आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
इस बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम और सहायक पुलिस आयुक्त कांवड़ सेल सहित यातायात पुलिस के कई अधिकारी और निरीक्षक मौजूद रहे।
इनके अलावा, एआरटीओ, रोडवेज आरएमओ, बस एवं ट्रांसपोर्ट यूनियन, नियोजित बस संचालक, ऑटो यूनियन, पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन और गैस प्लांट प्रबंधकों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों को कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाले रोड डायवर्जन प्लान की विस्तृत जानकारी प्रदान की। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों के आवागमन और डायवर्जन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों और यूनियन प्रतिनिधियों से अपील की कि वे जारी किए जाने वाले ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि आपसी समन्वय और सहयोग से ही कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।




