latest-newsदेश

साबरमती जेल में लॉरेंस बिश्नोई से कौन-कौन मिलने आता है? दिल्ली पुलिस ने मांगी पूरी लिस्ट

संवाददाता

नई दिल्ली। पिछले कुछ वक्त में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की चर्चा काफी बढ़ गई है, सबसे ज्यादा इस नाम का जिक्र बॉलीवुड गलियारों में होता है. सलमान खान, टाइगर श्रॉफ जैसे कई और बॉलीवुड सितारों को बिश्नोई की तरफ से धमकी मिल चुकी है. हालांकि, एक्टर्स पर हुए हमले, धमकियां और अन्य मामलों में बिश्नोई का नाम सामने आता है, लेकिन वो जेल में बंद है. अब दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क और जेल के अंदर से गैंग के संचालन को लेकर जांच तेज कर दी है.

गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से मिलने आने वाले लोगों पर अब पुलिस की नजर है. इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन से उन सभी लोगों की लिस्ट मांगी है, जो अब तक लॉरेंस से मिल चुके हैं या नियमित रूप से उससे मिलने जेल पहुंचते हैं. सोर्स के मुताबिक, पुलिस मुलाकातियों की पहचान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करेगी. इसके अलावा उनके लॉरेंस से संबंधों और मुलाकात के मकसद का भी पता लगाया जाएगा.

20 करोड़ की फिरौती का मामला

दिल्ली पुलिस की ये कार्रवाई निहाल विहार इलाके में एक निजी अस्पताल के मालिक से 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले के बाद सामने आई है. इस मामले में कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था. इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और गैंग के नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी. पुलिस ये भी पता लगाने में जुटी है कि फिरौती की धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में लॉरेंस गैंग से कोई संबंध है या फिर किसी दूसरे आपराधिक गिरोह ने उसके नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है.

बॉलीवुड सितारे भी रहे निशाने पर

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम बॉलीवुड से जुड़ी घटनाओं में भी सामने आता रहा है. हाल ही में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना में भी इस गैंग का नाम सामने आया था. इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक, बॉलीवुड के कई अन्य सितारे भी गैंग के निशाने पर थे. इनपुट मिलने के बाद संबंधित सितारों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी. सलमान खान को भी इस गैंग के नाम से कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है.

जेल से कैसे चल रहा गैंग का नेटवर्क?

दिल्ली पुलिस की जांच का सबसे अहम पहलू ये है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल में रहते हुए अपने गैंग के कॉन्टैक्ट में कैसे बना हुआ है. पुलिस को शक है कि उससे मिलने आने वाले कुछ लोग जेल से बाहर मैसेज पहुंचाने या गैंग के सदस्यों तक निर्देश पहुंचाने का माध्यम हो सकते हैं. लॉरेंस बिश्नोई लंबे समय से गुजरात की साबरमती जेल में बंद है. गृह मंत्रालय के आदेश के तहत फिलहाल राज्य पुलिस सीधे उसकी कस्टडी नहीं ले सकती. ऐसे में दिल्ली पुलिस को पूछताछ के लिए साबरमती जेल जाना पड़ता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com