
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल अपने सीएम कार्यकाल के दौरान जिस सरकारी बंगले का इस्तेमाल कर रहे थे, वह कथित ‘शीशमहल’ एक बार फिर चर्चा में हैं। भाजपा सरकार ने मंगलवार को इस सरकारी बंगले को लेकर बड़ा ऐलान किया है। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने घोषणा की कि केजरीवाल के आवास ‘शीशमहल’ को आम लोगों के देखने के लिए खोलेगी। सिंह ने कहा कि आम लोगों के लिए आवास देखने का समय आरक्षित करने और टिकट बुक करने की व्यवस्था अगले सप्ताह तक शुरू कर दी जाएगी। भाजपा सरकार की इस घोषणा पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को शीशमहल पर फैसला पसंद नहीं आया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारी बंगले का इस्तेमाल इससे बेहतर कर सकती है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि ‘शीशमहल’ ने अरविंद केजरीवाल का असली चरित्र उजागर कर दिया। केजरीवाल राजनीति में सत्ता के लालच में आए थे। आरोप लगाया कि केजरीवाल ने भी सत्ता की वही सुख-सुविधाएं अपनाईं, जिनकी वह कभी दूसरों की आलोचना करते थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने खुद को संभ्रांत, विशेषाधिकार प्राप्त और पूंजीपति वर्ग की सोच वाला बना लिया था।
उन्होंने कहा कि अब यह अध्याय खत्म हो चुका है। देश और दिल्ली की जनता ने केजरीवाल और उनकी पार्टी को हरा दिया है। अब यह मामला समाप्त हो गया है।

‘शीशमहल’ पर भाजपा का ऐलान पसंद नहीं आया
शीशमहल को लोगों के देखने के लिए खोलने के सवाल पर संदीप दीक्षित ने कहा कि उन्हें इसमें कोई खास उपलब्धि या सराहनीय बात नजर नहीं आती। उनके मुताबिक, उस आवास को लाइब्रेरी या अस्पताल में बदल देना चाहिए।
दिल्ली सरकार ने घोषणा में क्या कहा
प्रवेश वर्मा ने कहा, ”जनता की मांग को देखते हुए हम ‘शीशमहल’ को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे। हम लोगों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण दिखाएंगे कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कहा था कि वह सरकारी वाहन तक का इस्तेमाल नहीं करेगा, उसने कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए यह आलीशान आवास बनवाया।” उन्होंने कहा कि शुरुआत में मीडिया के लिए आवास देखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास के अंदरूनी हिस्सों को देख सकेंगे।
केजरीवाल ने 10 साल ‘शीशमहल’ का इस्तेमाल किया
फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में केजरीवाल 2015 से 2024 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहे थे। फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राष्ट्रीय संयोजक के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए इस बंगले को ‘शीशमहल’ नाम दिया था।



