
संवाददाता
नई दिल्ली । समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट केस में बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का फैसला बरकरार रखते हुए यूपी सरकार की याचिका को खारिज कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान के साथ ही उनकी पत्नी तंजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत दी है.
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस दिपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने यह फैसला सुनाया. दरअसल रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की तरफ कराई गई एफआईआर के बाद यह मामला सामने आया था. इसमें आजम के बेटे अब्दुल्ला की दो बर्थ सर्टिफिकेट होने का मामला सामने आया था. सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट की तरफ से 24 मई 2024 को दिए गए ऑर्डर को बरकरार रखा है.
सुप्रीम कोर्ट ने पत्नी तंजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान की उन अपीलों को मंजूरी दे दी, जिनमें उन्हें इसी तरह की राहत देने से इनकार किए जाने को चुनौती दी गई थी. इस फैसले से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में आजम खान के परिवार को कानूनी राहत मिली है.
गौरतलब है कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को दोषी ठहराया गया था. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगाई थी, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने भी सरकार की याचिका को खारिज करते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है.
हाई कोर्ट में याचिका पर फैसला सुरक्षित
वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट में आजम खान की याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित किया है. आजम की तरफ से ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती दी गई है. सपा नेता की तरफ से आज इलाहाबाद हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट इमरान उल्लाह ने पक्ष रखा. वहीं सुप्रीम कोर्ट के सीनियर अधिवक्ता कपिल सिब्बल वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े रहे. जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह प्रथम की डिवीजन बेंच ने फैसला सुरक्षित किया. हाईकोर्ट अपने फैसले में यह तय करेगा कि आजम खान को अंतरिम राहत मिलेगी या नहीं.
इससे एक दिन पहले ही आजम खान को PMLA कोर्ट से राहत नहीं मिली. प्रवर्तन निदेशालय (ED) उन्हें लेकर गाजियाबाद के PMLA कोर्ट लेकर पहुंची, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में उनके खिलाफ ऐक्शन लिया गया है. आजम को 26 नवंबर तक के लिए जेल भेजा गया है.



