latest-newsउत्तर प्रदेश

योगी आदित्यनाथ सरकार को चिराग पासवान ने दिए 10 में 10 नंबर, फिर भी यूपी में 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव ?

संवाददाता

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार के कामकाज की तारीफ करने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अब उसी राज्य की राजनीति में अपनी पार्टी की जमीन मजबूत करना चाहते हैं. उन्होंने कानून व्यवस्था के मामले में योगी आदित्यनाथ को 10 में 10 नंबर दिए, लेकिन इसके साथ ही यूपी में रोजगार, ढांचागत विकास और पलायन को बड़ी चुनौती बताया.

चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि वे यूपी में चुनाव क्यों लड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था समेत कई क्षेत्रों में बेहतरीन काम हुए हैं, लेकिन राज्य में अभी भी बुनियादी ढांचे, रोजगार और पलायन जैसी चुनौतियों पर बहुत काम होना बाकी है. चिराग पासवान के अनुसार, उत्तर प्रदेश और बिहार की मूल समस्याएं काफी हद तक एक जैसी हैं. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अपनी पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करना है, तो खुद को किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रखा जा सकता, क्योंकि कोई दूसरा उनकी पार्टी का विस्तार करने नहीं आएगा.

यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

चिराग के मुताबिक, बिहार और उत्तर प्रदेश की मूल समस्याएं लगभग एक जैसी हैं. दोनों राज्यों में रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में लोग बाहर जाते हैं. ऐसे में उनकी पार्टी यूपी में अपने राजनीतिक विस्तार की संभावनाएं तलाश रही है. चिराग पासवान ने साफ किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपना विस्तार करना चाहती है. उन्होंने 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही. उनका कहना है कि पार्टी का विस्तार करना है तो खुद को सीमित नहीं रखा जा सकता. चिराग ने कहा कि अपनी पार्टी का विस्तार करने के लिए कोई दूसरा नहीं आएगा. इसके लिए उन्हें खुद आगे बढ़ना होगा. यूपी में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में वह काम कर रहे हैं.

यूपी की सियासत में अक्सर चर्चा में रहने वाले ‘अस्सी बनाम बीस’ के मुद्दे से खुद को अलग रखते हुए चिराग ने कहा कि वे धर्म या मजहब की राजनीति में विश्वास नहीं रखते. चिराग पासवान ने कहा कि वह 80 और 20 की राजनीति का हिस्सा नहीं हैं. चिराग के मुताबिक, राजनीति में धर्म और जाति का मुद्दा खत्म होना चाहिए. जिस दिन ऐसा होगा, देश सही दिशा में आगे बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि आज के समय में जो समस्या सवर्ण समाज की है, वही समस्या पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग की भी है. इसलिए वे समावेशी राजनीति के पक्षधर हैं, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अवसर मिले और युवाओं का पलायन रुके.

बिहार की राजनीति और प्रशांत किशोर पर भी बोले चिराग

पार्टी में हुई टूट के बाद के हालात पर चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में अब उनकी पार्टी पूरी तरह स्थिर हो चुकी है और उनका गठबंधन काफी मजबूत है. वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा दिए गए दिल्ली का मोह त्यागने के सुझाव पर चिराग ने बेबाकी से जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वे खुद एक बिहारी हैं और बिहार को समझने के लिए उन्हें किसी बाहरी राय की जरूरत नहीं है. चिराग ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत विकास का मिशन चल रहा है और वे केंद्र में रहकर अपने राज्य के लिए बेहतर काम कर सकते हैं.

सोनिया गांधी और नीतीश कुमार के सवाल पर चिराग का जवाब

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर चिराग पासवान ने कहा कि अनेकों लोगों की तरह उन्होंने अपनी यादों को डॉक्यूमेंट किया है, लेकिन इस किताब में कई मायने निकालने का प्रयास किए रहे हैं. चिराग ने कहा कि उन्होंने अपनी सोच के आधार पर लिखा है तो उसको एक किताब के तौर पर ही रहने देना चाहिए. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वजह से इंडिया गठबंधन में टूट को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर चिराग पासवान ने कहा कि हर किसी का अपना पक्ष होता है, उन्होंने अपनी बात रखी, और जिन्होंने फैसला लिया उन्होंने अपनी सोच पर फैसला लिया. सोनिया गांधी पर चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला, लेकिन आज कांग्रेस फिर नेतृत्वविहीनता के दौर में चली गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com