
संवाददाता
पटना । पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के आंदोलन का दायरा बढ़ता जा रहा है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से सोमवार को छात्रों के संसद मार्च के दौरान पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल आ गए, तो अब इस विरोध में पटना में प्रदर्शन किया गया जहां पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है.
छात्रों पर आंसू गैस के गोले
प्रदर्शनकारी छात्रों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े जा रहे हैं, साथ ही पानी की बौछार कर उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की जा रही है. इससे पहले सोमवार को CJP और छात्रों के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े.
राजधानी दिल्ली में सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद मामला हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारी और पुलिस दोनों ओर से एक दूसरे पर निशाना साधा गया. हिंसक झड़प में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी घायल हुए जबकि प्रदर्शनकारी छात्र भी चोटिल हुए. सौ से भी अधिक लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था.
हिंसक झड़प के बाद सुरक्षा कड़ी
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने पहले दिन की हिंसा को देखते हुए मंगलवार को अपना संसद मार्च का अभियान टाल दिया. लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों ने आज भी जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा. रातभर में प्रदर्शन स्थल पर और समर्थक जुटे तथा स्वयंसेवकों को समर्थकों की ओर से भेजा गया भोजन एवं अन्य सामान भी मिला.
CJP ने आज अपने पोस्ट में दावा किया, “आज सुबह जंतर-मंतर पर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं.” पेपर लीक में कथित अनियमितताओं को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब दूसरे महीने में प्रवेश कर गया है.
दिल्ली में अलर्ट मोड में पुलिस
दूसरी ओर, राजधानी नई दिल्ली और अन्य जिलों में कॉकरोच जनता पार्टी और युवा कांग्रेस के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में है. साथ ही दिल्ली के लुटियंस इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के अलावा रफी मार्ग, संसद मार्ग और कई अन्य संवेदनशील जगहों के आसपास मल्टी लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
साथ ही सूत्रों का कहना है कि रणनीतिक जगहों पर पहले ही बैरेकेडिंग कर दिए गए हैं. सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी प्रणालियों के जरिये दिल्ली की निगरानी बढ़ा दी गई है. इनके अलावा राजधानी के कई प्रमुख चौराहों और संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया जा रहा है. इसके अलावा दंगा-रोधी इकाइयां, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और रिजर्व बलों को तैयार रखा गया है. मेट्रो स्टेशनों की भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. राजीव चौक समेत 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है.



