latest-newsगाज़ियाबाद

गाजियाबाद में संपत्ति के लिए बुजुर्ग मां-बाप की हत्या! बेटों पर हथौड़े से मारने का आरोप

पुलिस ने आरोपी दोनों बेटों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है. पड़ोसियों के मुताबिक संपत्ति के लिए अक्सर झगड़ा होता था.

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है. मामला गाजियाबाद की क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के वीर नगर मोहल्ले का है. आरोप है कि यहां संपत्ति के विवाद में बेटों ने अपने ही माता-पिता की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के वीर नगर मोहल्ले में गंगा शरण का मकान है. गंगा शरण, पत्नी और दो बेटों दीपक और ललित के साथ रहा करते थे. बताया जा रहा है कि परिवार के भीतर लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. सोमवार देर रात विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. आरोप है कि दीपक और ललित ने हथौड़े से मां-बाप पर हमला कर दिया. गंगा शरण और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. गंगा शरण के घर में रहने वाले किराएदार ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी.

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो घर का मंजर बेहद भयावह था. गंगा शरण और उनकी पत्नी खून से लथपथ जमीन पर पड़े हुए थे. पुलिस ने घायल दंपत्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

एसएन तिवारी ने आगे बताया, सूचना पर तत्काल क्रोसिंग रिपब्लिक पुलिस मौके पर पहुंची व छानबीन की गई. घायल अवस्था में गंगाशरण व विमलेश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया. जिनको डाक्टर्स द्वारा मृत घोषित कर दिया गया. प्रकरण में आरोपी दोनों लड़को दीपक और ललित को हिरासत में लिया गया है जिनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है.

गंगा शरण के मित्र डॉ. सागर के मुताबिक,गंगा शरण घर पर अखबार डालते थे. गंगा शरण से मित्रता थी. 6 महीने पहले गंगा शरण ने बताया था कि वह घर का पूरा खर्च उठाते हैं जबकि घर पर मौजूद दो बेटे कुछ नहीं करते. आज जब इलाके में अखबार नहीं आया तो आसपास के लोगों से जानकारी मिली की, गंगा शरण की उनके बेटों ने हत्या कर दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com