
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 जोन कमेटियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्टैंडिंग कमेटी के छह रिक्त सदस्य पदों के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया. निगम मुख्यालय में हो रहे इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है. चुनाव के नतीजे एमसीडी की राजनीति और स्टैंडिंग कमेटी के गठन के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं. अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने 11 जोनों में उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि करोल बाग जोन में पार्टी ने प्रत्याशी नहीं दिया. वहीं आम आदमी पार्टी ने भी 11 जोनों में उम्मीदवार घोषित किए हैं, लेकिन केशवपुरम जोन में प्रत्याशी नहीं उतारा है। ऐसे में इन दोनों जोनों में संबंधित दलों के उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है. स्टैंडिंग कमेटी के छह रिक्त सदस्य पदों के लिए भी चुनाव हो रहा है. भाजपा ने केशवपुरम, सेंट्रल, नजफगढ़ और शाहदरा साउथ जोन से उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने करोल बाग, नरेला और शाहदरा साउथ जोन से अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं.
करोल बाग जोन में AAP का कब्जा, अलका दिंगरा बनीं चेयरमैन
एमसीडी के वार्ड समिति चुनाव में करोल बाग जोन से आम आदमी पार्टी ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. अध्यक्ष पद पर अलका दिंगरा, उपाध्यक्ष पद पर कविता चौहान और स्थायी समिति सदस्य के रूप में राजन अरोड़ा निर्विरोध निर्वाचित हुए. आम आदमी पार्टी ने इसे संगठन की एकजुटता और जोन में पार्टी के मजबूत जनाधार का परिणाम बताया. पार्टी नेताओं ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे.
पंकज लूथरा बने चेयरमैन, बृजेश सिंह चुने गए डिप्टी चेयरमैन
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शाहदरा नॉर्थ जोन में जीत दर्ज की है. झिलमिल वार्ड से निगम पार्षद पंकज लूथरा वार्ड समिति के अध्यक्ष (चेयरमैन) निर्वाचित हुए हैं, जबकि सभापुर वार्ड से पार्षद बृजेश सिंह उपाध्यक्ष (डिप्टी चेयरमैन) चुने गए हैं. दोनों नेताओं की जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है. उन्होंने कहा कि शाहदरा नॉर्थ जोन में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाना, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करना तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा. वहीं, डिप्टी चेयरमैन बृजेश सिंह ने भी भाजपा नेतृत्व और सभी पार्षदों का धन्यवाद व्यक्त किया.
शाहदरा साउथ जोन पर भाजपा का कब्जा, यशपाल सिंह बने चेयरमैन, राजू सचदेवा डिप्टी चेयरमैन, मुनेश डेढ़ा स्थायी समिति की सदस्य निर्वाचित
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शाहदरा साउथ जोन में शानदार जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य के पदों पर कब्जा कर लिया. भाजपा के यशपाल सिंह वार्ड समिति के चेयरमैन, राजू सचदेवा डिप्टी चेयरमैन तथा मुनेश डेढ़ा स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) की सदस्य निर्वाचित हुईं. शाहदरा साउथ जोन में भाजपा की इस जीत को एमसीडी की राजनीति में बड़ी सफलता माना जा रहा है. इस जीत के साथ पार्टी ने वार्ड समिति चुनाव में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है. अब सभी की निगाहें अन्य जोनों के नतीजों पर हैं, जिनके बाद एमसीडी की स्थायी समिति का पूरा राजनीतिक समीकरण स्पष्ट होगा.
रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी ने दर्ज की जीत
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वार्ड समिति चुनाव के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं. अलग-अलग जोनों में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए पुष्पा सोलंकी को वार्ड समिति का अध्यक्ष (चेयरमैन) निर्वाचित कराया है. इस जीत को रोहिणी जोन में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. वही उपाध्यक्ष के तौर पर रमेश चंद नें जीत दर्ज की है.
केशव पुरम में भाजपा निर्विरोध जीती
केशव पुरम में भाजपा के सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं, इस जोन में आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों को नहीं उठा रहा था। केशवपुरम जोन से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के विनीत वोहरा, उपाध्यक्ष पद के लिए मीनू गोयल और स्थायी समिति के सदस्य के सुशील चयनित हुए हैं।
मध्य जोन से निर्विरोध जीते भाजपा के उम्मीदवार
मध्य जोन में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध जीते। इसमें मध्य जोन से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की पार्षद नीतू ने चयनित हुई। मध्य जोन में अध्यक्ष पद के लिए आम।आदमी पार्टी के राकेश लोहिया ने अपना नाम अध्यक्ष पद से वापस ले लिया। जबकि उपाध्यक्ष और इस जोन से स्थायी समिति सदस्य पद के लिए आप ने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। मध्य जोन से उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रवीण कुमार चयनित हुए। जबकि इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) से भाजपा में शामिल हुए मोलड़बंद से पार्षद होमचंद गोयल मध्य जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति सदस्य पद पर चयनित हुए.
इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) से भाजपा में शामिल हुए बांकनेर वार्ड से पार्षद दिनेश कुमार भारद्वाज नरेला जोन वार्ड समिति से उपाध्यक्ष पद पर जीत चुके हैं। उन्हें कुल 20 वोट में से 13 वोट मिले हैं। नरेला जोन से अध्यक्ष पद पर भाजपा की पार्षद जनता देवी ने 13 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। जबकि नरेला जोन से आप के अनिल कुमार को अध्यक्ष पद पर और उपाध्यक्ष पद पर नेहा को कुल सात वोट मिले। इसके अलावा नरेला जोन से वार्ड समिति के लिए स्थायी समिति के सदस्य पद के लिए भाजपा के पवन कुमार चयनित हुए। नरेला जोन से आम आदमी पार्टी से वार्ड समिति की स्थायी समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही रितू मुकेश कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया। इस जोन में कुल 20 वोट में से भाजपा के चार नॉमिनेटड (मनोनीत) पार्षद विनोद कुमार, लक्ष्मण आर्य, मुकेश मान, सुनीत चौहान ने भी मतदान किए। इस जोन में आईवीपी से भाजपा में शामिल हुई रानी खेड़ा वार्ड से मनीषा जसबीर कराला ने भी मतदान किया। इससे भाजपा का संख्याबल कुल सात में से नौ पार्षदों का हो गया और चार पार्षद मनोनीत पार्षदों ने मतदान किया।निगम के आठ जोन वार्ड समिति के अब तक चुनाव संपन्न हुए- आठ जोन में से छह जोन में भाजपा ने जीत दर्ज की, दो जोन में आप जीती।- केशवपुरम में भाजपा ने निर्विरोध जीत दर्ज की। इसके साथी ही, मध्य, दक्षिण, नरेला, शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिण जोन में भाजपा ने जीत दर्ज की।- आप ने करोलबाग जोन में निर्विरोध जीत दर्ज की और रोहिणी जोन में आप ने जीत दर्ज की।



