
संवाददाता
गाज़ियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान की हत्या के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई. असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को खोड़ा और इंदिरापुरम थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सूर्य प्रताप हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद मोटरसाइकिल पर इलाके में देखा गया है. सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू कर दिया.
इसी दौरान ग्रीन बेल्ट की ओर से एक संदिग्ध बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डालकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार भागने लगे और वसुंधरा सेक्टर-1 के खाली मैदान की ओर मुड़ गए. संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया. पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों नीचे गिर गए. इसके बावजूद उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी जारी रखी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया.
घायल आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल अनुराग रावत गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि असद ही सूर्य प्रताप चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी था. उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है.



