
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्यभर में अनधिकृत ई-रिक्शा और ऑटो के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। यह कदम हाल में इन वाहनों की संलिप्तता और सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा और सख्ती से रोकथाम की जाएगी।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सभी पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों, यातायात उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए पत्र जारी किए गए हैं। यह विशेष अभियान 1 अप्रैल से शुरू होकर पूरे प्रदेश में 30 अप्रैल तक जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी वाहन की स्टीयरिंग नाबालिगों के हाथों में नहीं होनी चाहिए। टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों का अनिवार्य वेरिफिकेशन किया जाना चाहिए। जनपदों में गठित टास्क फोर्स में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ यातायात उपायुक्तों को भी शामिल किया गया है ताकि अभियान का कुशल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 255 अनधिकृत ई-रिक्शा का चालान किया गया है। इनमें से 83 ई-रिक्शा को सीज भी किया गया है। ये सभी वाहन या तो बिना परमिट के सड़कों पर चल रहे थे या नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ट्रैफिक नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा भी की जाएगी।