
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद । गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर को पुलिस से जान का खतरा है और उन्हें अपनी हत्या की आशंका है। उनका मानना है कि उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तंत्र-मंत्र के जरिए अपने नियंत्रण में ले रखा है।
गुरुवार को लोनी क्षेत्र में कथावाचक अतुल कुमार की कथा का आयोजन हुआ, जिसके पूर्व कलश यात्रा निकाली गई थी। पुलिस का कहना है कि इस कलश यात्रा के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके बारे में विधायक और उनके पुत्र को फोन पर सूचित किया गया था। इसके बावजूद कलश यात्रा आयोजित की गई। जब पुलिस ने कलश यात्रा रोकने की कोशिश की, तो विधायक और उनके समर्थकों के साथ हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। विधायक नंदकिशोर गुर्जर का आरोप है कि पुलिस ने एसडीएम की अनुमति के बावजूद कलश यात्रा को रोकने की कोशिश की और उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनका कुर्ता फट गया, जिसके बाद उन्होंने धरना दिया।
यह मामला कल से ही गरमाया हुआ है। आज विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस पर और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद पुलिस और प्रदेश के उच्चाधिकारियों ने उनकी हत्या की साजिश रची है और कल के कलश यात्रा के दौरान दंगा कराकर अधिकारियों ने उनका कत्ल कराने की कोशिश की थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में रोजाना 50,000 गायों की हत्या की जा रही है और गायों के हत्यारों से अधिकारियों को रिश्वत मिलती है, जो कि प्रमुख सचिव तक पहुंचती है।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर यह मानते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के प्रभाव में हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों ने तांत्रिक क्रियाओं के जरिए मुख्यमंत्री को अपने नियंत्रण में कर रखा है।
विधायक ने यह भी बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्ष और न्यायालय से मदद मांगेंगे और न्याय मिलने तक वह नंगे पैर रहेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि कमिश्नर सिस्टम शुरू होने के बाद भ्रष्टाचार में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
गाजियाबाद में भाजपा विधायक और पुलिस के बीच चल रहे इस विरोध पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के विधायकों के समायोजन के लिए एक “धमकी मंत्रालय” बनाया जाना चाहिए, जिसमें मंत्री बनने के लिए योग्य उम्मीदवार पहले से ही मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में उनसे अधिक योग्यता और अनुभव किसी और के पास नहीं है।