
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) नेता अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा में जाने की अटकलों पर आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने तस्वीर साफ कर दी है।
केजरीवाल को लेकर मीडिया के दोनों सूत्र गलत: प्रियंका क्ककड़
आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का कहना है कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। जहां तक अरविंद केजरीवाल का सवाल है, पहले मीडिया सूत्र कह रहे थे कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब मीडिया सूत्र कह रहे हैं कि वह राज्यसभा से चुनाव लड़ेंगे। ये दोनों सूत्र बिल्कुल गलत हैं।
वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक हैं। मैं मानती हूं कि उनकी मांग बहुत ज्यादा है, लेकिन वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं हैं।
भविष्य को लेकर लगातार चल रही हैं अटकलें
दिल्ली से सत्ता गंवाने और खुद अपनी सीट भी हार जाने के बाद से ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें चल रही हैं। वहीं, एक आप के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के उपचुनाव लड़ने के चलते ये कयास तेज हो गए हैं कि केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाएंगे। हालांकि, इस बीच आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के उच्च सदन जाने को लेकर बात साफ कर दी है।
तमाम चर्चाओं के बीच आज जब न्यूज एजेंसी एएनआई ने आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ से इस बारे में पूछा तो उन्होंने साफ कर दिया कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे।