
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद । नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक इनीशिएटिव लेने वाले अधिकारी माने जाते हैं। गाजियाबाद नगर निगम के नगरायुक्त बनने से पहले गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी उनका कार्यकाल इसी बात के लिए जाना जाता है। नगरायुक्त रहते विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कूड़े के सेग्रीगेशन से लेकर साफ- सफाई तक कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अब अब नगरायुक्त की पहल पर नगर निगम मुख्यालय में क्रेच बनाने की तैयारी हो रही है। इस क्रेच में नगर निगम की महिला कर्मचारियों के छोटे बच्चे रह सकेंगे। क्रेच में बच्चों के खेलने से लेकर पढ़ने तक की व्यवस्था की जाएगी।
महिलाकर्मियों की मांग पर लिया इनीशिएटिव
नगर निगम मुख्यालय में क्रेच बनाने का निर्णय नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने महिला कर्मचारियों की मांग पर लिया है। क्रेच में छोटे बच्चों के लिए झूलों और खिलौनों के अलावा किताबों की भी व्यवस्था होगी। नगरायुक्त ने बताया कि कई महिला कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बच्चों को संभालने की चुनौति का सामना करना पड़ता है, उनके लिए क्रेच (डे केयर) बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया- क्रेच में बच्चों के लिए मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
नगर निगम मुख्यालय में 61 महिला कर्मचारी
नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इस समय निगम मुख्यालय में 61 महिलाएं कार्य कर रही हैं। इनमें से जिन महिलाओं के बच्चे तीन से 10 साल के आयु वर्ग के हैं, उन्हें डयूटी के समय उनकी देखभाल की दिक्कत रहती है। महिला कर्मचारी नगर निगम (डे केयर) क्रेच का लाभ उठा सकेंगी। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को अपने विभागाध्यक्ष से संस्तुति करानी होगी। छोटे बच्चों वाली महिला कर्मचारियों में नगरायुक्त के इस निर्णय पर खुशी जाहिर की है, उनका कहना है कि अब बच्चों की उचित देखभाल और डयूटी, दोनों अच्छे से हो सकेंगे।
नए साल पर मिलेगा क्रेच का तोहफा
नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि क्रेच के लिए कार्य योजना तैयार कर ली गई है। नए साल में नगर निगम की महिला कर्मचारियों के बच्चों को क्रेच को तोहफा मिलेगा। क्रेच में पीने के लिए शुद्ध जल, टॉयलेट और साफ सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। क्रेच में बच्चों के लिए खेल- खेल में लर्निंग की व्यवस्था होगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि यह सुविधा प्राप्त होने के बाद महिला कर्मचारियों के बच्चों की देखभाल और नगर हित में भी बेहतर काम हो सकेगा।
सफाई मित्र भी उठा सकेंगी लाभ
नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि भविष्य में निगम मुख्यालय में कार्यरत 61 महिला कर्मचारियों के अलावा 278 सफाई मित्र कर्मचारी व अन्य कर्मचारी महिलाएं भी अपने छोटे बच्चों के लिए यह सुविधा प्राप्त कर सकेंगी। नगर निगम जोनल कार्यालयों पर भी इसी तरह क्रेच (डे केयर) बनाने की योजना पर काम कर रहा है। क्रेच में बच्चों की देखभाल करने के लिए स्टाफ तैनात किया जाएगा और बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।