नई दिल्ली। अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले वाद्य संगीत के साथ प्रसिद्ध बांसुरी वादक राजेश चेरथला ने नई दिल्ली में प्रगति मैदान में आयोजित हो रहे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में केरल दिवस समारोह के मौके पर मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उनका शो शुरू होने से पहले ही एम्फीथिएटर खचाखच भरा हुआ था। ‘मैजिक ऑफ फ्लूट’ नाम से संगीत कार्यक्रम की शुरुआत एक लोकप्रिय मलयालम फिल्मी गीत के साथ हुई। धीरे-धीरे प्रस्तुति दर्शकों की मांगों के हिसाब से बदलती गई। कई दर्शकों ने तमिल और हिंदी के गीतों के सुझाव दिए। राजेश ने सदाबहार, सुपरहिट और शास्त्रीय गीतों बेहद खूबसूरती से अपनी बांसुरी पर बजाते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।
उनके सुंदर, सुखदायक संगीत ने दर्शकों को आनंद की नई ऊंचाई तक पहुंचाया। इसमें सद्भाव, प्रेम, स्नेह और राष्ट्रीय एकता का भी संदेश था। जैसे ही संगीत कार्यक्रम समाप्त हुआ, लोगों ने खड़े होकर उनके प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश सी.टी. रविकुमार ने दर्शकों का एवं राज्य सरकार का अभिवादन किया। साथ ही महान संगीतज्ञ पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के शिष्य राजेश को उपहार भी भेंट किया।

प्रदर्शन के बाद राजेश ने कहा, ‘मैं यहां केरल का प्रतिनिधित्व करके खुश हूं। अलग-अलग क्षेत्र के दर्शकों के सामने प्रदर्शन करना एक अद्भुत अनुभव था। उनकी प्रतिक्रिया भी बहुत उत्साहजनक थी।’
कार्यक्रम की शुरुआत में केरल राज्य के जनसंपर्क निदेशक आईएएस एच दिनेेशन ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वाद्य यंत्रों के प्रदर्शन की शुरुआत हुई। राजेश के साथ, सुमेश आनंद (कीबोर्ड), बिनेश (रिदम), जस्टिन (गिटार), लिजिन डेविस (साउंड इंजीनियर) और टिंटू मोल जोसेफ (एंकर) सहित उनकी टीम के सदस्य भी इसका हिस्सा रहे।
इस कार्यक्रम में लोकप्रिय फिल्मी गीत, हिंदुस्तानी व कार्नेटिक शास्त्रीय गीत भी बजाए गए। राजेश ने 150 से अधिक मलयालम फिल्मों में बांसुरी से संगीत दिया है। वह विदेशी संगीत समारोहों में भी प्रदर्शन करते रहे हैं।