नई दिल्ली। कोलकाता से लेकर दिल्ली मेट्रो के कर्णधार और मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले हैं। भाजपा ने दावा किया कि मेट्रो मैन श्रीधरन 21 फरवरी को पार्टी की विजय यात्रा के दौरान बीजेपी में शामिल होंगे। बता दें कि केरल बीजेपी चीफ के सुरेंद्रन के नेतृत्व में भाजपा 21 फरवरी से विजय यात्रा निकाल रही है।
केरल में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख के सुरेंद्र ने कहा कि श्रीधरन 21 फरवरी को कासरगोड से शुरू होने वाली पार्टी की ‘विजय यात्रा’ के दौरान भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि श्रीधरन ने भारतीय जनता पार्टी के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की है। हालांकि, अब तक श्रीधरण की इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कौन हैं मेट्रो मैन ई श्रीधरन
दरअसल, मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन को कोलकाता मेट्रो से लेकर दिल्ली मेट्रो तक में अहम योगदान के लिए जाना जाता है। मेट्रो जैसे क्रांतिकारी परिवहन माध्यम में उनके इन्हीं योगदानों की वजह से साल 2001 में उन्हें पद्म श्री और 2008 में पद्म विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं विकास कार्यों में इनके योगदान को देखते हुए फ्रांस सरकार ने भी साल 2005 में इन्हें ‘Chavalier de la Legion d’honneur’ अवार्ड से सम्मानित किया था। इसके अलावा, अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध पत्रिका टाइम मैग्जीन भी इन्हें ‘एशिया का हीरो’ का टाइटल दिया था।